तेजी के बाद मुनाफा वसूली से गिरे जीरे के भाव

किसान भाइयों आपकी सेवा में प्रस्तुत है 27 दिसम्बर 2024 के जीरे के भाव की मंडी समीक्षा

तेजी के बाद मुनाफा वसूली से गिरे जीरे के भाव

जीरे की कीमतों में हाल ही में तेज उछाल के बाद मुनाफा वसूली के चलते हल्की गिरावट दर्ज की गई है। वायदा बाजार में जीरे के भाव 0.31% गिरकर 23,970 रुपए प्रति क्विंटल के स्तर पर पहुंच गए। इससे पहले बाजार में कीमतें बढ़ने से निवेशकों ने मुनाफा वसूली शुरू की जिसके चलते गिरावट देखने को मिली। 

भारत विश्व का सबसे बड़ा जीरा आपूर्तिकर्ता बना हुआ है और यहां जीरे की वैश्विक कीमतें 3,050 डॉलर प्रति टन के करीब हैं। इसके विपरीत चीन से आने वाले जीरे की कीमतें 200 से 250 डॉलर अधिक ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। इस अंतर के कारण भारतीय जीरे की मांग अंतरराष्ट्रीय बाजार में बनी हुई है। 

विशेषज्ञों के अनुसार बाजार में गिरावट का यह रुख अस्थायी हो सकता है क्योंकि वैश्विक बाजार में भारत का जीरा अभी भी सबसे सस्ता और गुणवत्ता में बेहतर माना जा रहा है। इसके अलावा घरेलू बाजार में भी जीरे की मांग स्थिर बनी हुई है। आने वाले दिनों में कीमतों में स्थिरता की संभावना जताई जा रही है।